पानी का एक नियम और जीवन का नियम दोनों एक ही है
अगर कभी आप पानी में गिर गए हों
और तैरना न जानते हों,
या तैरना जानते हों और कभी
पानी में भंवर पड़ते हैं,
उसमें आप फंस गए हों,
तो इस सूत्र को याद रखना।
यह जीवन के भंवर का सूत्र नदी
के भंवर में भी काम आता है।
अगर नदी के भंवर में फंस गए हैं,
तो हम साधारणत: क्या करेंगे?
लड़ेंगे भंवर से। लड़ेंगे कि डूबेंगे, लड़े कि डूबे।
क्योंकि जितने जोर से भंवर से आप लड़ेंगे,
आपकी शक्ति कम होगी, भंवर की कम नहीं होगी।
और जितनी आपकी कमजोर होगी शक्ति,
भंवर की ताकत उतनी ही ज्यादा हो
जाएगी—तुलनात्मक, रिलेटिवली।
और थोड़ी देर में आप थक गए होंगे,
भंवर अपनी ताकत में होगा।
उतनी ही ताकत में, जितना तब था,
जब लड़ाई शुरू हुई। फिर वह आप,
कमजोर आदमी को नीचे डुबा लेगा।
इसलिए जो लोग तैरने का शास्त्र जानते हैं,
वे कहते हैं कि अगर भंवर में फंस जाओ,
तो लड़ना मत।
अपनी तरफ से भंवर में डूब जाना।
भंवर के साथ ही डूब जाना।
भंवर के साथ खूबी यह है
कि भंवर नदी की सतह पर बड़ा होता है
और नीचे छोटा होता जाता है,
उसके वर्तुल छोटे होते जाते हैं नीचे।
उसका स्क्रू छोटा होता जाता है नीचे।
ऊपर से निकलना बहुत मुश्किल है।
नीचे वह इतना छोटा हो जाता है
कि उसके भीतर रहना मुश्किल है,
आप एकदम बाहर हो जाते हैं।
और अगर लड़े, तो बहुत मुश्किल है।
अगर नहीं लड़े, उसके साथ डूब गए,
तो खुद भंवर ही आपको अपने बाहर कर देता है।
जीवन का भंवर भी अगर हम उससे लड़े,
तो उलझ जाते हैं। इसलिए जीवन का,
सृष्टि का जो क्रम है, उसके साथ ही बहो,
जल्दी मत करो। जल्दी हो नहीं सकती,
जल्दी मत करो, धैर्य से उसके साथ बहो।
अपने आप वह घड़ी आ जाती है—
जीवन के समस्त कर्मों को करते हुए,
अपने को कर्ता भर मत मान
और वह घड़ी आ जाती है—
जिस दिन करना और न—करना,
हार और जीत, जीवन और मृत्यु, सुख
और दुख सब बराबर हो जाते हैं।
लेकिन उसे आने दो;
उसके लिए दौड़— धूप मत करो।
भागकर उसे नहीं पाया जा सकता।
जिंदगी से बचकर तुम उसे नहीं ला सकते
"जिंदगी में उतर गहरा और जिंदगी को ही
तुझे पार निकालने दे, जिंदगी ही तुझे पार कर दे।"
![]() |
| j.k. |
*** ओशो ***

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any nonsense link in the comment box.